यूक्रेन में एक और भारतीय छात्र को लगी गोली, कीव के अस्पताल में भर्ती
देश/विदेश। 04 मार्च (मेरठ ख़बर लाइव न्यूज)रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष में एक भारतीय छात्र की जान जाने के कुछ दिनों बाद यूक्रेन की राजधानी कीव में एक और भारतीय छात्र को गोली लगी है। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय के राज्य मंत्री (MoS) जनरल वीके सिंह ने गुरुवार को पोलैंड के रेज़ज़ो हवाई अड्डे पर इसकी जानकारी दी।
वीके सिंह ने एएनआई को बताया, "कीव के एक छात्र को गोली लगने की सूचना मिली है। उसे तुरंत कीव के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।" उन्होंने कहा, "भारतीय दूतावास ने पहले ही प्राथमिकता से इस बात को साफ कर दिया था कि सभी को कीव छोड़ देना चाहिए। युद्ध की स्थिति में बंदूक की गोली किसी के धर्म और राष्ट्रीयता को नहीं देखती है।"
नवीन की हो गई थी मौत
आपको बता दें कि भारतीय छात्र वर्तमान में युद्धग्रस्त देश यूक्रेन से भाग रहे हैं और अपनी सुरक्षित भारत वापसी के लिए पोलैंड की सीमा तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। चार केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य एम सिंधिया, किरेन रिजिजू और जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह यूक्रेन से सटे देशों में रेस्क्यू ऑपरेशन की देखरेख कर रहे हैं।